

मुर्शिदाबाद : कांदी थाने के आईसी मृणाल सिन्हा ने एक मातृहीन व असहाय लड़की की शादी कराई। वहीं न केवल शादी कराई बल्कि दूल्हा-दुल्हन सहित लगभग तीन सौ लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई थी। आईसी मृणाल सिन्हा को पहले भी कई बार विभिन्न मानवीय गतिविधियों में देखा गया है। खड़ग्राम थाना अंतर्गत कालीदासपुर निवासी युवक मालदार शेख और कांदी थाना अंतर्गत सुरखाली गांव निवासी सरजिना खातून का विवाह रविवार को कांदी थाना परिसर में संपन्न हुआ। थाना परिसर को पंडाल से सजाया गया था। रिसेप्शन के बाद आईसी मृणाल सिन्हा ने स्वयं इस्लाम की सभी रीति-रिवाजों को बनाए रखते हुए मौलवियों की मौजूदगी में सरजिना की शादी कराई। उन्होंने शादी के लिए आवश्यक सभी सामान दूल्हे के घर भेज दिया। बिस्तर, आलमारी, शोकेस से लेकर सोने के आभूषण तक उन्होंने सभी कुछ दिया। सरजिना खातून और मालदार शेख की शादी पुलिस स्टेशन के अधिकारियों के सहयोग से बड़ी धूमधाम से संपन्न हुई। मृणाल सिन्हा ने कहा कि वे बेटी की शादी कराने का सौभाग्य पाकर खुद को धन्य महसूस कर रहे हैं।