नई दिल्ली: फ्रांस के बाद दुनिया के दूसरे देश में भी UPI की नई उड़ान देखने को मिल रही है। श्रीलंका और मॉरीशस में भी अब UPI में पेमेंट किया जा सकता है। अगर आप इन जगहों पर घूमने जाते हैं तो वहां भी UPI से भुगतान कर पाएंगे। भारत की यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) सेवाएं आज सोमवार(12 फरवरी) से श्रीलंका और मॉरीशस में शुरू की गईं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे और मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जुगनाथ ने ऑनलाइन जुड़कर इसे लॉन्च किया। श्रीलंका और मॉरीशस में भारतीय सेवाओं की शुरुआत दोनों देशों के साथ भारत के बढ़ते द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों की पृष्ठभूमि में हुई है। इससे श्रीलंका और मॉरीशस की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों के साथ ही भारत की यात्रा करने वाले इन देशों के नागरिकों के लिए UPI की सेवा उपलब्ध होगी।