बंगाल में जारी रहेगा हीटवेव, मानसून की एंट्री में अभी देरी !

बंगाल में जारी रहेगा हीटवेव, मानसून की एंट्री में अभी देरी !
Published on

 बढ़ते तापमान के बीच अब लू की चेतावनी
कोलकाता : राज्य में इन दिनों गर्मी कहर बरपा रही है। सूरज की किरण निकलने के साथ गर्मी व लू के थपेड़े शुरू हो जा रहे हैं। महानगर में आसमान से मानो आग बरस रही है। भीषण गर्मी में लोगों का हाल बेहाल हो गया है। गर्मी की वजह से दोपहर में लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सोमवार को भी गर्मी का कहर जारी रहा। मौसम विभाग ने 10 जून तक हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। दरअसल, बीते 8-10 दिनों से राज्य के पारे में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। देर रात रात तक गर्म हवा महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी संभव है। देश में मानसून की एंट्री इस बार देर से होगी। मौसम विभाग की माने तो इस बार केरल में ही इसकी रफ्तार धीमी रहेगी।
अगले दो-तीन दिनों में मिलेगी मानसून की सही रिपोर्ट
मौसम विभाग के निदेशक जी. के. दास ने कहा कि अभी मानसून को लेकर स्थिति साफ नहीं हुई है। अगले दो-तीन दिनों में सही रिपोर्ट मिलेगी। मानसून आम तौर पर 7 जून को उत्तर बंगाल में प्रवेश करता है और 10 जून तक दक्षिण बंगाल में लेकिन इस बार राज्य में मानसून आने में देरी होने की संभावना है।
इन जिलों में लू बरपायेगी कहर
पुरुलिया, झाड़ग्राम, पश्चिम मिदनापुर, पूर्व और पश्चिम बर्दवान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, हावड़ा, नदिया, हुगली, मालदह के साथ उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर जिलों में एक या दो स्थानों पर लू की स्थिति रहने की संभावना है। राज्य के अन्य जिलों में एक या दो स्थानों पर उमस और बेचैनी वाला मौसम रहने की संभावना है। पुरुलिया में सोमवार को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
महानगर में हो सकती है छिटपुट बारिश
हालांकि, कोलकाता में लू की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। अलीपुर मौसम विभाग ने कहा है कि बुधवार और गुरुवार को कोलकाता में छिटपुट बारिश हो सकती है। लेकिन बारिश हुई तो भी कोलकाता के लोगों को राहत नहीं मिलेगी। कोलकाता में सोमवार को अधिकतम तापमान लगभग 39 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले दिनों में यहां भी तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in