नयी दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल बता रहे हैं कि भाजपा राजधानी में 27 साल बाद सत्ता में वापसी करने जा रही है। इन चुनावों के 8 एग्जिट पोल आये हैं जिनमें 6 ने भाजपा की वापसी होती दिखायी है। सिर्फ दो में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार बरकरार रहने का अनुमान जताया गया है। एग्जिट पोल के ‘पोल ऑफ पोल्स’ में भाजपा को 41, ‘आप’ को 28 और कांग्रेस को एक सीट मिलने का अनुमान है। सरकार बनाने के लिए 36 सीटों की जरूरत है।
नतीजों से बिल्कुल अलग थे 2015 में एग्जिट पोल के नतीजे
गौरतलब है कि एग्जिट पोल के नतीजों के इतिहास की बात करें तो 2015 में एग्जिट पोल के नतीजे वास्तविक नतीजों से बिल्कुल अलग थे हालांकि 2020 में एग्जिट पोल के नतीजे वास्तविक रिजल्ट के करीब थे।
पीपल्स पल्स एग्जिट पोल में भाजपा को बंपर बहुमत मिलने का अनुमान है। पीपल्स पल्स पोल के अनुसार भाजपा को 51 से 60 सीट मिलने की बात कही जा रही है। ऐसे में ‘आप’ का सूपड़ा साफ होता दिख रहा है। इस एग्जिट पोल में ‘आप’ को 10 से 19 सीट मिलने का अनुमान है। खास बात है कि इस एग्जिट पोल में कांग्रेस और अन्य को कोई सीट नहीं मिल रही है।
चाणक्या एग्जिट पोल में भी भाजपा की सरकार बनने का अनुमान है। इसके अनुसार भाजपा को 39-44 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं ‘आप’ को 25 से 28 सीट मिलने का अनुमान है जबकि कांग्रेस को 2 से 3 सीट मिल सकती है।
सीटपी-मार्क के एग्जिट पोल में इस बार भाजपा को बड़ा बहुमत मिलने का अनुमान है। इस एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा को 39 से 49 सीट मिल सकती है। वहीं ‘आप’ को 21 से 31 सीट मिलने का अनुमान है जबकि कांग्रेस के खाते में सिर्फ 1 सीट मिलने की बात कही गयी है।
जेवीसी एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा को इस बार 39 से 45 सीट मिल सकती है। वहीं ‘आप’ को 22 से 31 सीट आने का अनुमान है। एग्जिट पोल में कांग्रेस को 0-2 सीट देखने को मिल रही है जबकि एक सीट अन्य के खाते में जा सकती है।
पी-मार्क के एग्जिट पोल में भी भाजपा को बड़ा बहुमत मिलने का अनुमान है। इस एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा को 39 से 49 सीट मिल सकती है। वहीं ‘आप’ को 21 से 31 सीट मिलने का अनुमान है। कांग्रेस के खाते में सिर्फ 1 सीट मिलने की बात कही गयी है।
मैट्राइज के एग्जिट पोल के अनुसार ‘आप’ को 32 से 37 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं भाजपा को 35 से 40 फीसदी वोट मिलने की बात कही गयी है। कांग्रेस को 0 से 1 सीट मिलने का अनुमान है। भाजपा को 46 फीसदी वोट मिलने की बात कही गई है। वहीं, आम आदमी पार्टी को 44 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है।
माइंड ब्रिंक के एग्जिट पोल में ‘आप’ की सरकार बनने का अनुमान है। ‘आप’ को एग्जिट पोल में 44 से 49 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं भाजपा को 21 से 25 सीट मिलने की बात कही जा रही है। इस एग्जिट पोल में कांग्रेस को 0 से 1 सीट मिलने की उम्मीद है।
वीप्रीसाइड एग्जिट पोल में भी ‘आप’ वापसी करती दिख रही है। इस एग्जिट पोल के अनुसार ‘आप’ को 46 से 52 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं भाजपा को 18 से 23 सीटें जबकि कांग्रेस को 1 सीट मिलने का अनुमान है।
सट्टा बाजार के अनुमान के अनुसार ‘आप’ की सीटें पिछले बार के मुकाबले घट सकती हैं हालांकि सरकार केजरीवाल ही बनायेंगे। राजस्थान के फलोदी सट्टा बाजार ने ‘आप’ के 38-40, भाजपा के 30-32 और कांग्रेस के 0-1 सीट जीतने का अनुमान जताया है।