Noida Farmers Protest : यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट पर प्रदर्शन कर रहे 34 किसान गिरफ्तार

यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट पर प्रदर्शन कर रहे किसान गिरफ्तार।
यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट पर प्रदर्शन कर रहे किसान गिरफ्तार।
Published on

नोएडा (उत्तर प्रदेश) : विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे प्रदर्शन के तहत बुधवार रात को यमुना एक्सप्रेस वे 'जीरो प्वाइंट' से दलित प्रेरणा स्थल की ओर धरना देने के लिए निकले संयुक्त किसान मोर्चा के 34 नेताओं को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इनमें किसान संगठनों के 2 बड़े नेता शामिल हैं। पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 'संयुक्त किसान मोर्चा' के नेता 'जीरो प्वाइंट' पर बुधवार रात को धरने पर बैठे थे। रात के समय किसान नेता सुखबीर खलीफा, रुपेश वर्मा के नेतृत्व में किसान 'जीरो प्वाइंट' स्थित धरना स्थल से दलित प्रेरणा स्थल पर धरना देने के लिए निकल गये।

किसान नेताओं ने घोषणा की थी कि गुरुवार को दोपहर 12 बजे जीरो प्वाइंट पर एक बैठक होगी जिसके बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जीरो प्वाइंट से दलित प्रेरणा स्थल की ओर बढ़ रहे 34 किसानों को शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बुधवार को भी कुछ किसान नेताओं को दलित प्रेरणा स्थल पर शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया था जिन्हें शाम को रिहा कर दिया गया। किसान नेता अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं। जेल से रिहा होने के बाद कई प्रदर्शनकारी यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट पर जारी किसान पंचायत में शामिल हुये। जहां सभी ने धरना प्रदर्शन जारी रखने का निर्णय लिया।

इससे पहले, पुलिस ने मंगलवार शाम को 160 प्रदर्शनकारी किसानों को गिरफ्तार किया था। जिनमें से कई बुजुर्ग, महिलाओं और बीमार लोगों को पुलिस ने जेल के गेट से मुचलके पर छोड़ दिया था। शेष 123 किसानों को पुलिस ने गौतम बुद्ध नगर की लुक्सर जेल भेज दिया था। प्रवक्ता ने बताया कि किसानों की गिरफ्तारी के बाद भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने बुधवार को नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट पर महापंचायत बुलायी थी। इस महापंचायत में भाग लेने के लिए मुजफ्फरनगर से निकले नरेश टिकैत को मुजफ्फरनगर के भौंवरा कला और राकेश टिकैत को अलीगढ़ के टप्पल में रोक दिया गया। बता दें, महापंचायत में शामिल होने के लिए बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, गाजियाबाद शामली, बागपत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर और मेरठ से बड़ी संख्या में किसान अपने-अपने निजी वाहनों और ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार हो कर धरने के लिए प्रेरणा स्थल पहुंचे।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in